एक स्ट्रीट लाइट लगवाकर विकास कार्य का शुभारम्भ
प्रभारी मंत्री का ये एहसान नहीं भूलेगा हिंदुस्तान….

माननीय मंत्री जी तुलसी सिलावट ने ग्वालियर नगर निगम पर अभूतपूर्व दबाव डालते हुए हम ग्वालियर वासियों के साथ पूरे देश पर एहसान किया है। उन्होंने ये कारनामा शहर के एक व्यक्ति की विनती पर स्ट्रीट लाइट लगाकर देश का सबसे बड़ा विकास कार्य किया है इस देश की जनता पर बहुत बड़ा उपकार किया है। वहीं मंत्री जी द्वारा किए गए भारी मेहनत मशक्कत वाले इस कार्य का उल्लेख जनसंपर्क विभाग द्वारा बड़े जोर शोर से ढोल बजाकर किया गया है। हम ग्वालियर वासी अपने प्रभारी मंत्री के इस भागीरथी कार्य से कृतार्थ हैं और इसके लिए प्रभारी मंत्री का सादर आभार प्रकट करते हैं। क्योंकि स्ट्रीट लाइट लगवाने की हैसियत या हिम्मत शहर के किसी पार्षद या महापौर की नहीं है। यही वजह है कि जागरूक जनता को अपने जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट जो से गुहार लगानी पड़ी।
क्यों ग्वालियर नहीं आते प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट…?

हालांकि माननीय प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट प्रदेश के एकमात्र ऐसे मंत्री हैं जो सिंधिया जी के आदेश के मुताबिक ग्वालियर की तरफ पैर करके भी नहीं सोते हैं।प्रभारी मंत्री का ग्वालियर का दौरा तभी जब मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्री या खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ग्वालियर आएँ।
इसमें गलती तुलसी सिलावट की बिल्कुल नहीं है क्योंकि वैसे भी ग्वालियर चम्बल के दिग्गजों वाली राजनीतिक बिसात पर मालवा की दाल गलने वाली नहीं है। बेचारे पिछले शासन काल में खुद के द्वारा करवाए गए विकास कार्यों की फेहरिस्त नहीं गिनवा पाए थे और लगता है इस बार भी सूखे सूखे ही जाएँगे।
एक स्ट्रीट लाइट लगने से ग्वालियर की जनता में खुशी की लहर,
प्रभारी मंत्री के ग्वालियर आगमन पर करेंगे भव्य स्वागत

इसके साथ ही जब भी माननीय प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट का जब भी ग्वालियर दौरा होगा हम उनके इस अविस्मरणीय कार्य के लिए भव्य स्वागत समारोह रखने की मांग करते हैं। ये लाइट मात्र नहीं है मंत्री जी के सार्थक प्रयासों से लगाया गया ये वो सूर्य है जिसकी रोशनी अंत अनंत काल तक जनता जनार्दन को अपने प्रकाश से आलोकित करती रहेगी।
