मुस्लिम युवक ने पेश की साम्प्रदायिक सद्भाव की मिसाल
संत प्रेमानंद को किडनी दान करने की चाहत रखता है आरिफ खान चिश्ती
मुस्लिम युवक ने वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज को किडनी दान करने की पेशकश की
नर्मदापुरम। इटारसी न्यास कॉलोनी के मुस्लिम युवक आरिफ खान चिश्ती ने वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज को किडनी दान करने की पेशकश की है। उन्होंने इस संबंध में कलेक्टर को पत्र लिखा है। साथ ही महाराज के ग्रुप को ईमेल और व्हाट्सएप पर भी संदेश भेजा है।
चिश्ती ने कहा कि वे प्रेमानंद महाराज से बहुत प्रभावित हैं। महाराज सनातन धर्म के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति के कार्य भी करते हैं। वर्तमान में देश में हिंदू-मुस्लिम के बीच तनाव का माहौल है। ऐसे में उनकी यह पहल सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देगी।
पत्र में चिश्ती ने लिखा कि वे महाराज के वीडियो देखते हैं। उनके आचरण और व्यवहार से प्रभावित हैं। महाराज हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक हैं। वे समाज में प्रेम और शांति का संदेश देते हैं। मीडिया से पता चला कि महाराज की दोनों किडनियां खराब हैं। इसलिए वे अपनी एक किडनी दान करना चाहते हैं।
प्रेमानंद महाराज राधा-कृष्ण के भक्त हैं। उनके दर्शन के लिए रोजाना हजारों श्रद्धालु आते हैं। वे ऑटोसोमल डोमिनेंट पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज से पीड़ित हैं। इस बीमारी के कारण उनकी किडनी फेल हो गई है। श्रद्धालु रात में परिक्रमा के दौरान उनके चरण-चिह्नों की धूल को प्रणाम करते हैं।
