300 ₹ में जिंदगी भर नौकरी करने वाले गुरूजी का दर्द,
30000 रूपए नहीं दिए तो शिक्षा विभाग ने ही छीना हक
दूसरे पर फर्जी केस लगा पेंशन भी छीनी
मध्यप्रदेश का शिक्षा विभाग सबके साथ समान व्यवहार करता है अन्याय और बेईमानी करने में जात पाँत भी नहीं देखता चाहे वो दलित हो या सवर्ण सबके साथ समान भाव से भ्रष्ट आचरण और ये पिछले कई वर्षों से बदस्तूर जारी है। ऐसा ही वाकया सामने आया ग्वालियर के कलेक्ट्रेट कार्यालय में जहाँ हर मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई में शिक्षा विभाग के सताए दो बुजुर्ग शिक्षक कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान के पास अपनी फरियाद लेकर पहुँचे। सुनिए सिस्टम के सताए लाचार हो चुके रिटायर्ड टीचरों की अनोखी दास्तान जो आपके होश उड़ाकर रख देगी।
यह हैं ग्वालियर के शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले शासकीय स्कूल में देश का भविष्य गढ़ने वाले नरेंद्र कुमार तिवारी जो कई वर्षों से मात्र 300 रूपए में एक सरकारी स्कूल में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वर्तमान में ये न्याय की गुहार लगाते लगाते रिटायर हो चुके हैं। लेकिन कई शिक्षा अधिकारी बदले कई शिक्षा आयुक्त बदले लेकिन नहीं बदली तो नरेंद्र कुमार तिवारी की किस्मत क्योंकि इन्होंने तनख्वाह बनाने वाले एकाउंटेंट या बाबू को 30 हजार रुपए नहीं दिए तो साहब न तो इनका वेतन बढ़ा और न ही इनकी पेंशन ही शुरू हुई। हालांकि व्यापमं के तहत लिए इनके पेपर में तत्कालीन अधिकारियों ने इनके साथ छल किया था और इनका रोल नंबर बदल कर इन्हें अपात्र घोषित कर दिया हालांकि बाद में इन्होंने शिक्षा विभाग की ग़लती को उजागर किया तो विभाग ने अपनी ग़लती स्वीकार करते हुए इन्हें एक शासकीय स्कूल में 300 रूपए वेतन पर नौकरी देदी। लेकिन 30 हज़ार रुपए न देने पर न तो कभी इनकी पदोन्नति ही हुई और न ही सेवानिवृत्त होने के बाद इनकी पेंशन ही शुरू की गई। अब बहाने बहुत सारे हैं लेकिन इस बार इन्हें उम्मीद है कि वर्तमान कलेक्टर रूचिका सिंह चौहान शायद इनकी मदद करें हालांकि इससे पूर्व तिवारी जी संभागायुक्त और शिक्षा आयुक्त तक का दरवाजा खटखटा चुके हैं लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात हालांकि शिक्षा विभाग के भ्रष्टाचार के शिकारों की फेहरिस्त में अभी और भी नाम जुड़ने बाकी हैं।
शिक्षा विभाग के अन्याय के शिकार एक और रिटायर्ड शिक्षक हैं जिनके खिलाफ पहले तो झूठा केस चलाया गया झूठी जांच की गई और जब उसे जांच में शिक्षक डी एन नार्वे निर्दोष सिद्ध हुए तो उनके साथ भी वही हुआ जो एक आम शिक्षक के साथ विभाग करता है। डी एन नॉर्वे के द्वारा दिए गए आवेदनों की फाइल मोटी होकर हर बार रद्दी में डाली जाती रही लेकिन इन्हें न्याय नहीं मिला और ये भी रिटायर हो गए। नार्वे का कहना है कि निर्दोष सिद्ध होने के कई वर्षों तक उन्हें पदोन्नति का लाभ नहीं दिया गया जिसके वे हकदार थे अब शिक्षा विभाग न्यायलय के आदेश का ही पालन नहीं कर रहा और वे ग्वालियर के शिक्षा विभाग से लेकर भोपाल तक शिक्षा विभाग के अफसरों से न्यायालय के आदेश की प्रति लेकर दर ब दर गुहार लगाकर तक चुके हैं लेकिन अधिकारी हैं कि कानों में रुई का गद्दा ठूँसकर गहरी नींद ले रहे हैं। बहरहाल ये भी बेचारे कलेक्टर के दरवाजे पर अपनी गुहार लेकर पहुँचे हैं कलेक्टर रूचिका सिंह चौहान ने जिला शिक्षा अधिकारी स्वीटी मंगल को बुलाकर इनके प्रकरण को निपटाने के निर्देश तो दिए हैं लेकिन अब यहांँ इनकी कितनी सुनवाई होती है ये समय ही बताएगा जो दोनों ही रिटायर शिक्षकों के पास नहीं है और शासन भी शायद इनकी अंतिम साँसों का इंतजार कर रहा है कि आदमी खत्म तो काम भी ख़त्म।
