ग्वालियर, वर्दी में मृत मिला पुलिस कांस्टेबल,
दो दिन पहले हुआ था लापता_परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
– ग्वालियर में पिछले दो दिन से लापता पुलिस आरक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक कांस्टेबल अंकित सिंह तोमर पुलिस लाइन में पदस्थ था और शराब पीने का आदी था। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिन्हें पुलिस मामूली बता रही है। वहीं परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
कंपू थाना अंतर्गत शिवपुरी लिंक रोड स्थित नवीन लोहा मंडी के पास झाड़ियों में अंकित सिंह तोमर नामक पुलिस कांस्टेबल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। अंकित पुलिस लाइन में पदस्थ था और उसकी पिता की ऑन ड्यूटी मौत के बाद वर्ष 2018 में अनुकम्पा नियुक्ति हुई थी। अंकित शराब पीने का आदी था। अंकित पैरालाइटिक अटैक से पीड़ित था, यही वजह है कि उसका भांजा ड्यूटी पर छोड़ने और लेने जाता था। अंकित के जीजा भूपेंद्र सिंह के अनुसार वह बुधवार को मुरैना जिले के पोरसा विभागीय डाक लेकर गया था, उसके बाद शाम को परिजन से उसकी बात हुई थी। परिजन से कहा था कि थोड़ी देर में आ रहा हूं। लेकिन थोड़ी देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अंकित अविवाहित था और शराब पीने का आदी था। मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मृतक अंकित की कोहनी और एडी पर चोट के निशान हैं। संभवतः एडी में फ्रैक्चर हुआ है। पुलिस का मानना है कि अंकित के शरीर पर मिले चोट के निशान उसकी हत्या जैसे जघन्य अपराध की पुष्टी नहीं करते हैं। मृतक के पैर से एक जूता गायब है। पुलिस ने मौके पर पड़ताल भी की है, लेकिन पुलिस को ना ही अंकित का जूता मिला है और ना ही कोई सुराग हाथ लगा है। पुलिस कांस्टेबल का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना पर SSP धर्मवीर सिंह, सीएसपी रॉबिन जैन, थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार, फोरेंसिक टीम सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। अंकित की मौत पुलिस के लिए रहस्य बनी हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है और मर्ग कायम करके विवेचना शुरू कर दी है।
बाइट – अमर सिंह सिकरवार,थाना प्रभारी,कंपू थाना,ग्वालियर
बाइट – भूपेंद्र सिंह,मृतक का जीजा
