ग्वालियर, STF इंस्पेक्टर निकला दुष्कर्मी
ढाई साल से कर रहा था युवती का शोषण
ग्वालियर में एक महिला ने STF भोपाल में पदस्थ इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर ढाई साल तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी इंस्पेक्टर आनंद कुमार वर्तमान में STF भोपाल में पदस्थ है, इससे पहले वह ग्वालियर के थाटीपुर थाने में SI के पद पर तैनात था।
दरअसल 34 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साल 2022 में उसका अपने पति से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी मामले में वह थाटीपुर थाने गई थी, जहां उसकी मुलाकात तत्कालीन SI आनंद कुमार से हुई। आरोप है कि आनंद ने केस में मदद का भरोसा देकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बातचीत शुरू कर दी। महिला के मुताबिक 10 अक्टूबर 2022 की रात करीब 11 बजे आनंद उसके थाटीपुर स्थित किराए के कमरे पर पहुंचा। देर रात आने पर आपत्ति जताने पर उसने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आरोप है कि उस दौरान आनंद ने कहा कि उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है और जल्द ही उसकी मौत हो जाएगी, इसके बाद वह उससे शादी कर लेगा। इसी झांसे में लेकर उसने दुष्कर्म किया।पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार उससे मिलता रहा और शादी का वादा कर शोषण करता रहा। उसने एक परिचित के मकान में उसे कमरा भी दिलवाया और किराया खुद भरता रहा। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इंकार कर दिया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर महिला ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर STF इंस्पेक्टर आनंद कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। महिला के बयान, मोबाइल चैट और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
बाइट- रश्मि भदौरिया- महिला थाना प्रभारी- ग्वालियर
