बछड़े को बचाने कुएँ में कूदे 5 लोगों की दम घुटने से मौत
गुना में कुएं में गिरे बछड़े को बचाने के चक्कर में पांच लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा, बता दें कि गाय के बछड़े के कुएं में गिरने के बाद उसे निकालने उतरे 6 लोगों में से पांच की मौत हो गई। एक युवक हादसे से पहले खुद कुएं से बाहर आ चुका था। घटना धरनावदा गांव में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुई।
हादसे की सूचना मिलने पर एसपी अंकित सोनी, गेल की CISF यूनिट, SDERF समेत पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। रेस्क्यू टीम ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर कुएं में उतरी और खटिया और रस्सी के सहारे 5 लोगों को कुएं से निकाला। गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि कुएं में संभवतः कार्बन मोनो ऑक्साइड गैस का रिसाव हुआ। पर अभी लैब टेस्ट करवा रहे हैं, उसके बाद ही और साफ हो पाएगा।
SDERF टीम के मुताबिक, कुएं में करीब 12 फीट पानी है। जिसकी वजह से रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि कुआं आम के बाग में बना है। मंगलवार सुबह ठेकेदार के लोग आम तोड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान बछड़ा वहां आ गया। उसे भगाया तो वह कुएं में गिर गया। बछड़े को बचाने के लिए एक के बाद एक 6 लोग कुएं में उतरते गए।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे कलेक्टर की गाड़ी को घेर लिया। उनका कहना है कि ग्रामीण घटनास्थल पर पहले आ गए थे जबकि काफी देर बाद भी धरनावदा पुलिस और एम्बुलेंस समय से नहीं आ पाई। दो लोगों को प्राइवेट एम्बुलेंस से अस्पताल भेजना पड़ा। दो घंटे तक प्रशासन नहीं पहुंचा।
