स्वीमिंग पूल महँगा था तो तिघरा में नहाने गए,
सस्ते के चक्कर में मिली मौत_परिवार में छाया मातम
-ग्वालियर के तिघरा डैम में देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां दो युवकों के शव डैम के पास नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों युवक दो दिन पहले घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस घर नहीं लौटे। परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और आखिरकार दोनों के शव डैम के ओवरफ्लो क्षेत्र से बरामद किए गए। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय मोहित रजक और 24 वर्षीय अभिषेक सागर निवासी सैयद तारागंज के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में घनिष्ठ दोस्त थे और मजदूरी का काम करते थे।
दरअसल दोनों युवक दो दिन पहले घर से यह कहकर निकले थे कि वे घूमने जा रहे हैं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार वालों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर रविवार शाम को जनकगंज थाना पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी बीच रविवार रात को स्थानीय लोगों ने तिघरा थाना पुलिस को सूचना दी कि तिघरा डैम के गेट के पास ओवरफ्लो क्षेत्र में एक बाइक और कुछ कपड़े पड़े हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो वहां होंडा शाइन बाइक अभिषेक सगर की निकली। कपड़े और बाइक मिलने के बाद पुलिस को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोबारा सर्च अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव डैम के पानी में पड़े हुए मिले।घटना की खबर मिलते ही मृतक युवकों के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। और मृतकों की पहचान हुई.पुलिस ने दोनों शवों को पानी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक घर से घूमने की बात कहकर निकले थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
बाइट-जयराज कुबेर,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक,ग्वालियर
