ग्वालियर के थानों में शिकायत करने जहर खाना पड़ता है
कई दिनों से चक्कर काट रही महिला ने थाने में खाया जहर
यदि आपको पुलिस प्रशासन में शिकायत दर्ज करानी है तो आपको जहर खाना पड़ेगा। और यह हम नहीं कह रहे ये तस्वीरें बयान कर रही हैं कि किस तरह से एक महिला जो पिछले दो हफ्तों से थाने के चक्कर काट रही थी और जब उसकी गुहार नहीं सुनी गई तो उसे एक ही रास्ता नजर आया वो था मौत का रास्ता। जी हाँ मध्यप्रदेश के ग्वालियर के मुरार थाने के अंदर इस लाड़ली बहना को जहर खाने पर मजबूर होना पड़ा। थाना परिसर में महिला द्वारा जहर खाने के बाद थाने में अफरातफरी मच गई और आनन फानन में नजदीक ही स्थित मुरार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ उसे प्राथमिक उपचार देकर जयारोग्य चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। बड़ा सवाल तब उठता है कि प्रदेश सरकार के मुखिया डॉ मोहन यादव जो मंचों से महिलाओं की सुरक्षा न्याय और अधिकार देने के दावे करते नजर आते हैं क्या उन्हीं के अंडर आने वाली पुलिस सरकार की छवि को बट्टा तो नहीं लगा रही। इस मामले में भी आरोपी की तरह व्यवहार करने वाली मुरार पुलिस कोई भी बयान देने से बचती रही लेकिन जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने पोल खोल दी और उन्होंने पुष्टि करते हुए बता दिया कि महिला ने जहर खाया है।
