नवदंपत्ति ने आखिर क्यों लगाई फाँसी_पुलिस जाँच में जुटी
ग्वालियर के हस्तिनापुर गांव में एक नवविवाहित दंपती के शव फंदे पर लटके मिले। 22 साल के विनोद प्रजापति और 20 साल की लक्ष्मी प्रजापति की शादी अप्रैल 2025 में हुई थी। दोनों एक ही रस्सी से बने फंदे पर लटके थे। कमरे में सामान बिखरा, मोबाइल टूटे और खाना बिना खाया रखा मिला। पुलिस का मानना है कि आत्मघाती कदम से पहले दोनों के बीच गंभीर विवाद हुआ था। आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस।
-दअरसल वारदात हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के हस्तिनापुर गांव की है। विनोद और लक्ष्मी की शादी अप्रैल 2025 में हुई थी। दोनों देर रात ही लक्ष्मी के मायके भिंड में शादी समारोह में शामिल होकर घर लौटे थे। घर आने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई थी। सुबह से दोनों कमरे में बंद थे। शाम तक जब दरवाजा नहीं खुला तो विनोद का छोटा भाई हिमांशु परेशान हो गया। उसने कई बार आवाज दी, दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उसने पिता लाखन सिंह को सूचना दी जो शादी में गए हुए थे। पिता के लौटने पर हस्तिनापुर थाना पुलिस को खबर दी गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने कुल्हाड़ी की मदद से दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। विनोद और लक्ष्मी एक ही रस्सी से बने फंदे पर लटके हुए थे। कमरे की तलाशी में पुलिस को अहम सुराग मिले। पति-पत्नी दोनों के मोबाइल फोन बुरी तरह टूटे हुए थे। आशंका है कि विवाद के दौरान गुस्से में फोन जमीन पर पटक दिए गए। एक थाली में भोजन परोसा हुआ रखा था लेकिन किसी ने खाना नहीं खाया था। कमरे में सामान बिखरा पड़ा मिला। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ऐसा क्या हुआ था जिसके कारण दोनों के बीच इतना बड़ा विवाद हुआ। दोनों के क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जा रहे हैं ताकि कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल जानकारी हासिल की जा सके। मृतका के मायके पक्ष के लोगों को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जा रहा है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
बाइट-मनीष यादव,सीएसपी,ग्वालियर
